DRI ने किया 7,000 किलो सोने की तस्करी का भंडाफोड़
[ad_1]

हाल के वर्षो में डीआरआइ ने तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ कर सोने की बड़ी मात्रा बरामद की है। चालू वित्त वर्ष में ही डीआरआइ 91 करोड़ रुपये का सोना जब्त कर चुकी है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने 7,000 किलोग्राम सोने की तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह सोना पूर्वोत्तर के रास्ते म्यांयार से भारत लाया गया है। बीते ढाइ साल में लाए गए इस सोने की कीमत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
डीआरआइ ने सोमवार को कहा कि यह रैकेट भारत-म्यांमार सीमा से गुजरते हुए सोना लेकर दिल्ली आते थे। वे फ्लाइट के माध्यम से सोने को कीमती सामान बताकर अलग-अलग शहरों में भेजते थे। यह मामला उस समय पकड़ में आया जब डीआरआइ के दिल्ली जोन के अधिकारियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू कार्गो टर्मिनल पर 10 किलो सोना बरामद किया।
24 कैरेट शुद्धता वाला यह सोना म्यांमा से तस्करी कर भारत लाया गया। इसके बाद गुवाहटी से घरेलू फ्लाइट के माध्यम से इसे दिल्ली लाया गया। इस 10 किलो सोने की कीमत 3.1 करोड़ रुपये है। इस मामले में एयरलाइन के कर्मचारियों तथा अन्य के संलिप्त होने की जांच की जा रही है। डीआरआइ ने इस मामले में गुवाहटी के एक व्यवसायी और दिल्ली में उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीआरआइ का कहना है कि ये दोनों गुवाहटी से 617 बार दिल्ली सोना लेकर आए। उन्होंने हर बार सोने के पैकेट्स को कीमती कार्गो के तौर पर बताया।
गुवाहटी का यह कारोबारी सोने की तस्करी के कई और मामलों में भी संलप्ति था जिसमें 37 किलो सोना बरामद किया गया। इस सोने की कीमत 37 करोड़ रुपये है। डीआरआइ की गुवाहटी यूनिट ने उसे सोने की तस्करी के लिए फरवरी 2015 में भी गिरफ्तार किया था। उस पर 12 किलो सोने की तस्करी का आरोप था। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
डीआरआइ का कहना है कि तस्कर भारत-म्यांमार सीमा से होकर मणिपुर के मोरेह और मिजोरम के जोखात्वर क्षेत्र में सोना लेकर आते थे। इसके बाद उसे गुवाहटी पहुंचाते थे। खुफिया जानकारी से पता चला है कि म्यांमा के रास्ते तस्करी अभी जारी है। असल में इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के मद्देनजर तस्करी को पकड़ना बड़ी चुनौती है। हालांकि डीआरआइ ने विदेश से सोने की तस्करी के इस रैकेट के भंडाफोड़ में सफलता हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षो में डीआरआइ ने तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ कर सोने की बड़ी मात्रा बरामद की है। चालू वित्त वर्ष में ही डीआरआइ 91 करोड़ रुपये का सोना जब्त कर चुकी है।
डीआरआइ ने मार्च 2015 में सिलीगुड़ी में 87 किलो सोना जब्त किया था। इसी तरह कोलकाता में भी 58 किलो सोना जब्त किया गया।
पढ़ें- आइजीआइ एयरपोर्ट से घरेे गए तस्कर, 4.67 करोड़ का सोना बरामद
[ad_2]